फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया। कार का पहिया बाइक सवार के ऊपर से निकल गया। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे मे कार व बाइक सवार घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने कार सवार को बरेली के निजी अस्पताल मे भर्ती कराया है। बुधवार की देर शाम बिथरी चैनपुर के भिंडोलिया निवासी 24 वर्षीय इरशाद बाइक से पदारथपुर गांव की ओर जा रहे थे। नहर रोड पर इनायतपुर गांव के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी। भीषण टक्कर के बाद इरशाद सड़क पर जा गिरे। कार उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद कार चला रहे फरीदपुर के पदारथपुर निवासी यासीन नियंत्रण खो बैठे और कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार में फंसे यासीन को निकालकर निजी अस्पताल भेजा जबकि गंभीर रूप से घायल सड़क पर छटपटा रहे इरशाद को बरेली के निजी अस्पताल भेजा गया। इरशाद की रास्ते मे मौत हो गई। पुलिस ने इरशाद का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कार चालक यासीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वही जनपद के थाना इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सामने बुधवार देर रात तेज रफ्तार टैंकर पेड़ से टकरा गया। पेड़ की मोटी शाखा टूट कर टैंकर के अगले हिस्से पर जा गिरी। घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। बीच सड़क टैंकर खड़ा होने की वजह यातायात अवरुद्ध हो गया। माके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश हो रही है।।
बरेली से कपिल यादव
