बरेली। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को बांग्लादेश मे हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर चिंता जताई और भारत सरकार से उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। राजेंद्रनगर मे रविवार को व्यापारी नेता के घर पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याएं हो रही है और महिलाओं पर अत्याचार किए जा रहे है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि जिस प्रकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया में ईसाइयों की सुरक्षा के लिए सेना भेजी थी। उसी तरह भारत सरकार को भी वांग्लादेश मे हिंदुओं की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। देश में बढ़ते धर्मांतरण और जनसंख्या असंतुलन का मुद्दा भी उठाया। डॉ. तोगड़िया ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर अपना प्रस्ताव रखते हुए कहा कि कानून लागू होने के एक वर्ष बाद यदि किसी परिवार में तीसरे बच्चे का जन्म होता है तो उस परिवार को सरकारी राशन, अस्पताल की दवाएं, स्कूलों में प्रवेश, बैंक ऋण और मतदान के अधिकार से वंचित कर दिया जाना चाहिए। भारत में घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने डीएनए टेस्ट को समाधान बताते हुए 1951 की मतदाता सूची को सार्वजनिक करने पर जोर दिया। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि एक करोड़ हनुमान चालीसा केन्द्र स्थापित कर हिंदुओं को रोग मुक्त हिंदू बनाने का काम किया जाएगा। वर्तमान में उनका संगठन हिंदुओं को हर जगह मदद कर रहा है। उन्होंने मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा पाठ करने की अपील की। इस दौरान रविंद्र कुमार अग्रवाल, शौमिल अग्रवाल, राहित अग्रवाल, अमित अग्रवाल, स्वदेश गुप्ता, मुदित स्वरूप, राधा नैन, रितेश राना मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
