बसपा के पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह पंचतत्व में विलीन, हजारों लोगों ने दी नम आंखों से दी अंतिम विदाई

बरेली। बसपा के कद्दावर नेता पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार दोपहर सवा बारह बजे अंतिम सांस ली और शाम पांच बजे मॉडल टाउन श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह कई साल से बीमार चल रहे थे और अपने घर के अंदर ही बने आईसीयू मे इलाज ले रहे थे। प्रशासन की तरफ से गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूर्व विधायक को पूरा राजकीय सम्मान दिया गया। बरेली के तमाम गणमान्य लोगों में वीरेंद्र सिंह का काफी सम्मान था। शायद यही वजह है कि उनकी अंतिम यात्रा में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, शहर विधायक अरुण कुमार, बहेड़ी के विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार, मीरगंज के डीसी वर्मा, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, ब्लाक प्रमुख भोजीपुरा योगेश पटेल बिथरी चैनपुर के कई बड़े नेता वीरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में श्मशान भूमि पहुंचे और उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। बहुजन समाज पार्टी के दिग्गज नेता और बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह के सुपुत्र आशीष पटेल ने हाल ही मे राजनीति में पदार्पण किया है। वहीं वीरेंद्र के भाई देवेंद्र सिंह हाल ही मे बसपा पार्टी छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। वीरेंद्र सिंह जिले के प्रभावशाली नेताओं में शुमार थे। मूलत: बिथरी चैनपुर के भगनापुर के निवासी वीरेंद्र सिंह ने राजनीति की शुरुआत 1995 में निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित होकर की थी। बाद मे वह बिथरी चैनपुर के ब्लॉक प्रमुख बने। उसके बाद वर्ष 2018 तक बिथरी की ब्लॉक प्रमुख सीट पर उन्हीं के परिवार का कब्जा रहा। वह दबंग नेता के रूप मे जाने जाते थे लेकिन आम जनता के प्रति बेहद सरल रवैया अपनाते थे। वर्ष 2007 मे बसपा के टिकट पर वह कैंट से विधायक निर्वाचित हुए लेकिन वर्ष 2012 में वह कैंट के बजाय बिथरी चैनपुर से बसपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े और आंवला के मौजूदा सांसद (तब सपा के प्रत्याशी) धर्मेंद्र कश्यप को हराकर जीत हासिल की। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में वीरेंद्र सिंह भाजपा की लहर में चुनाव हार गए। हालांकि वह बसपा में ही बने रहे। उन्होंने अपने छोटे भाई देवेंद्र सिंह को भी बिथरी चैनपुर से ब्लॉक प्रमुख बनवाया। भाई महेंद्र सिंह की पत्नी नीरू पटेल को भी बसपा शासनकाल मे जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाया। वीरेंद्र सिंह के निधन पर पार्टी सुप्रीमो मायावती, बसपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, प्रसपा नेता डा. मोहम्मद खालिद आदि ने गहरा दुख व्यक्त किया है। बसपा के जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह ने कहा कि विधायक वीरेंद्र सिंह के न रहने से बहुजन समाज पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। अब उनके बेटे आशीष पटेल को पार्टी पूरा सम्मान देगी। इस मौके पर कई व्यापारी नेता, पत्रकार, समाजसेवी डॉ और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *