बरेली। 2024 मे होने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर कानाफूसी अभी से शुरू हो गई है। शुक्रवार को पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 अगली पीढ़ी का है। युवाओं को आगे आना होगा। भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और पूर्व वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने बरेली लोकसभा सीट से इस बार युवा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने की वकालत की है। बिना नाम लिए पूर्व वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने सांसद संतोष गंगवार की उम्र को हथियार बना डाला। राजेश अग्रवाल ने 75 साल की उम्र पूरी करने वाले जनप्रतिनिधियों को नैतिकता के आधार पर युवाओं के लिए सीट छोड़ने की सलाह भी दी है। राजेश अग्रवाल ने नाम लिए बगैर बरेली सांसद संतोष गंगवार की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बरेली के विकास के लिए जरूरी कदम नही उठाए गए। 20- 25 सालों में बरेली के कई कारखाने बंद हो गए। रेल कोच फैक्ट्री यहां से शिफ्ट हो गई। केंद्र ने बरेली को मैग्नेट सिटी का दर्जा दिया था। लचर पैरवी की वजह से मैग्नेट सिटी परियोजना बरेली मे आगे नही बढ़ सकी। क्षेत्र की दुर्दशा होती जा रही है। टैक्सटाइल पार्क खत्म हो गया। मेगा फुटपाथ पर योजना आगे नहीं बढ़ पा रही। बरेली के विकास को लेकर सोचने की जरूरत है। केंद्र सरकार भरपूर बजट विकास के लिए दे रही है। उसके बाद भी बरेली में अच्छे परिणाम सामने नहीं आ पा रहे। संतोष गंगवार की उम्र को हथियार बनाते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा, मैंने 75 साल की उम्र मे वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। दूसरे लोगों को भी नैतिकता दिखानी चाहिए। 75 साल के होने वाले जनप्रतिनिधियों को अपना स्थान छोड़कर युवाओं को आगे बढ़ाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी भी युवाओं को तरजीह दे रहे हैं। आने वाला वक्त युवा पीढ़ी का ही है।।
बरेली से कपिल यादव