Breaking News

बरेली मे महाशिवरात्रि के लिए सजने लगे शिवालय, निकलेंगे 12 जुलूस, रहेगी कड़ी सुरक्षा

बरेली। जनपद मे महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। शिवालयों को सजाया जा रहा है। नाथ मंदिरों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। फूल, पन्नी और झालरों से भव्य सजावट की जा रही है। भक्तों के आवागमन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। कैंट स्थित बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर के सरोवर में शाम को दीपोत्सव मनाया जाएगा। भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही व्यवस्था रहेगी। मंदिर कमेटी के सतीश मेहता ने बताया कि सरोवर द्वार से मंदिर में प्रवेश होगा और निकास मुख्य द्वार से होगा। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर इस बार भगवा छटा बिखेरने को तैयार है। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भी बेहतर व्यवस्था रहेगी। बाबा वनखंडीनाथ मंदिर में मध्यरात्रि से ही कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। मंदिर कमेटी के संरक्षक हरिओम राठौर ने बताया कि भोर में चार बजे आरती व जलाभिषेक होगा। सुभाषनगर स्थित श्री तपेश्वरनाथ मंदिर में तड़के चार बजे मंगला आरती होगी। दोपहर दो बजे से सुंदरकांड पाठ और तीन बजे जलाभिषेक का विशेष कार्यक्रम होगा। मुख्य पुजारी पंडित बिशन महाराज ने बताया कि शाम को छह बजे से आरती और शृंगार होगा। महाआरती के बाद आतिशबाजी होगी। रात में आठ से नौ बजे तक शिव विवाह का पाठ होगा। बाबा अलखनाथ मंदिर के महंत कालू गिरि महाराज ने बताया कि भोर में तीन बजे से आरती और जलाभिषेक होगा। सवा क्विंटल खीर प्रसाद के तौर पर वितरित की जाएगी। मढ़ीनाथ मंदिर के महंत प्रेम गिरि महाराज ने बताया कि सुबह से भक्तों के दर्शन के बीच कीर्तन और पूजन का कार्यक्रम होगा। पीलीभीत बाइपास स्थित श्री पशुपतिनाथ मंदिर में भी भोर में आरती के बाद दिनभर जलाभिषेक आदि के कार्यक्रम होंगे। साहूकारा स्थित मंगलामाता मंदिर में सुबह आठ बजे से रुद्राभिषेक, सुबह 10 बजे पूजन व शाम छह बजे आरती होगी। महाशिवरात्रि पर शहर में 12 जुलूस निकाले जाएंगे। इसके अलावा शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु उमड़ेंगे। पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। शहर क्षेत्र के सौ मंदिरों में पिकेट तैनात की जाएगी। जुलूसों के साथ अर्धसैनिक बल रहेंगे। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि मंदिरों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस पिकेट रहेगी। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। एक कंपनी एसएसबी जिले में आ गई है। सात मार्च को दो कंपनी सीआरपीएफ भी आ जाएगी। साढ़े तीन कंपनी पीएसी जिले मे मौजूद है। पुराने शहर में विशेष निगरानी रहेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *