बरेली। भाजपा ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी अभी से शुरु कर दी है। संगठन ने विधानसभा चुनाव मे कमजोर और हारे बूथों की समीक्षा करने के बाद इन बूथों को और सशक्त बनाने के लिए बैठकें शुरू कर दी है। गुरुवार को सिविल लाइंस में पार्टी कार्यालय पर बूथ सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला हुई। इसमे लोकसभा बरेली और आंवला के बूथों को सशक्त बनाने के लिए मंथन किया गया। कार्यशाला मे पहुंचे भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि हमें विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर शिकस्त मिली या कम वोट मिले उन बूथों पर फोकस करना है। इसके लिए विधायक और सांसद सक्रिय कार्यकर्ताओं की टोली बनाएं और 15 जून से 30 जून तक बूथों को सशक्त बनाने के लिए अभियान चलाएं। विधानसभा चुनाव में जो कमियां रह गई। उनमें सुधार करने और बूथों को सशक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। करीब एक घंटे कार्यशाला मे रुकने के बाद सुनील बंसल लखनऊ चले गए। कार्यकर्ताओं को कई बिंदुओं पर जानकारी दी गयी। कार्यशाला मे पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद सन्तोष गंगवार, मंत्री धर्मपाल सिंह, मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बृज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, संतोष सिंह, पवन शर्मा, वीरसिंह पाल और डॉ केएम अरोड़ा समेत कई विधायक उपस्थित है।।
बरेली से कपिल यादव