बरेली। उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने मंगलवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय पर जिला प्रभारियों-पुलिस उपमहानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक पीलीभीत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं और पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के साथ अपराध नियंत्रण के लिए समीक्षा बैठक की। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने अपने कार्यालय मे एसएसपी बरेली अनुराग आर्य, बदायूं एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर और पीलीभीत के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इसमें आपराधिक प्रकरण, माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, निरोधात्मक कार्रवाई, एसआर केस और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, गिरफ्तारी के लिए शेष पुरस्कार घोषित व वांछित अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। डीआईजी ने महिला उत्पीड़न, एससी-एसटी एक्ट पर निर्देश दिए। इसके अलावा जनपदों में अपूर्ण निर्माण, मरम्मत कार्यों, मृतक आश्रित सेवायोजन के लंबित प्रकरण, सेवानिवृत्त एवं मृतक पुलिस कर्मियों की पेशन लंबित देयकों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। डीआईजी ने निर्देश दिया कि जिलों के टॉप-10 बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अलग-अलग अपराधों में शामिल गिरोह का गैंग रजिस्टर कर उनके खिलाफ नियमानुसार एक्शन लिया जाए। बैठक में डीआईजी ने थानों के माल मुकदमाती और दाखिल वाहनों के निस्तारण की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस फीडिंग में तेजी लाई जाए। सड़क दुर्घटना बाहुल्य (ब्लैक स्पाट) स्थानों के चिन्हीकरण, सड़क दुर्घटना से होने वाली मृत्यु दर को कम करने के लिए सक्रिय प्रयास हो। उन्होंने साइबर थाने के अतिरिक्त अन्य थानों पर साइबर अपराध से संबंधित कार्यवाही, साइबर अपराध थानों पर पंजीकृत अभियोगों में की गयी कार्यवाही की समीक्षा की।।
बरेली से कपिल यादव
