कैंट, बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र के एक गांव में बुधवार देर रात बरात चढ़ने के दौरान दूल्हे की बग्धी को हटाने को लेकर हुए विवाद में दूल्हा और दुल्हन पक्ष में जमकर लाठी-डंडे चले। दुल्हन पक्ष ने बरात पर ईंट – पत्थर बरसाए। जिसमें दूल्हा समेत आधा दर्जन से अधिक बरातीघायल हो गए। बरात में आई दो कारों को भी दुल्हन पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थरों से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बिना शादी किए ही दूल्हा समेत बराती रात में ही लौट गए। कैंट पुलिस ने दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन के पिता तथा भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शाहजहांपुर के थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बिट्ठलपुर प्रहलादपुर निवासी अजय पाल ने बताया बुधवार को वह भतीजे वीरेंद्र की बरात लेकर कैंट के गांव हिंडौलिया भोलापुर निवासी दुल्हन सीता देवी पुत्री देशपाल के घर आए थे। बरात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच चुकी थी। बरात चढ़ने के दौरान दुल्हन पक्ष की महिलाएं दूल्हे का तिलक कर रही थी। इसी दौरान दुल्हन के पिता देशपाल, दुल्हन के भाई अवधेश, खुशीराम, दीवान और गांव के ही एक अन्य व्यक्ति संजीव ने कहा, कि दूल्हे की बग्घी हटवाओ। हम डीजे बजाकर डांस करेंगे। इस पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने कहा दूल्हे का तिलक हो रहा है। तिलक होने के बाद बग्घी हटा ली जाएगी। इस पर सभी लोग बरातियों पर हमलावर हो गए, लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। विरोध करने पर दूल्हे को भी बुरी तरह से पीटा। दूल्हा वीरेंद्र, दूल्हे का भाई आशीष वर्मा, सुनील, जगदीश समेत आधा दर्जन से अधिक अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने बारात में आई दो कारों को भी लाठी डंडों तथा ईंट पत्थरों से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए बाराती दूल्हा समेत रात में ही बिना शादी किए तथा बिना दुल्हन लिए वापस हो गए। गुरुवार को कैंट थाना पहुंचकर दूल्हा वीरेंद्र के चाचा अजय पाल ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव