फसल बर्बाद करने से गुस्साए किसानों ने श्मशान मे बंद किए छुट्टा पशु

भमोरा, बरेली। तमाम दावों के बाद भी छुट्टा पशु देहात में खुले घूमकर किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। किसानों को इनसे अपनी फसल बचाने के लिए न सिर्फ रात-रात भर खेतों पर रखवाली करने पड़ती है, बल्कि उनकी जान पर खतरा रहता है। छुट्टा पशुओं को खेत से भगाने के प्रयास में कई किसानों की हमले में मौत तक हो चुकी है। शनिवार को फसल बर्बाद करने से नाराज किसानों ने छुट्टा पशुओं को घेरकर श्मशान भूमि परिसर में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाकर पशुओं को मुक्त कराया। भोजपुर गांव के प्रधान भोगराज मौर्य, रमेश मौर्य, अरविंद मौर्य ने बताया कि उनके गांव के अधिकांश किसान खेतों में सब्जियां उगाते है। आलमपुर जाफराबाद गांव के पास खाली जमीन पर छुट्टा पशुओं का झुंड दिन में ठहरता है जो शाम होते ही खेतों मे घुसकर फसलें चर्बाद करता है। तहसील प्रशासन के कोई कार्रवाई न करने पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को छुट्टा पशुओं को घेरकर श्मशान भूमि परिसर में बंद कर दिया। सूचना पर रात में ही लेखपाल और एसओ सनी चौधरी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद पशुओं को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने के आश्वासन पर उन्हें मुक्त कर दिया। इस दौरान प्रधान भोगराज मौर्य, रमेश मौर्य, अरविंद मौर्य, गिरीश बाबू, धर्मेंद्र शर्मा, संजीव मौर्य, शिवम मौर्य आदि किसानों ने छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *