बरेली। कस्बा फरीदपुर में शुक्रवार की सुबह बाइक सवार तीन बदमाश सर्राफा व्यापारी का बैग लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना फरीदपुर क्षेत्र के मोहल्ला साहूकारा के रहने वाले सर्राफा व्यापारी अनूप गुप्ता शुक्रवार की सुबह अपनी दुकान खोल रहे थे। इस बीच 10:15 बजे बाइक पर आए तीन बदमाश उनका बैग छीन कर फरार हो गए। घटना पूरी सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर सर्राफा व्यापारी से बातचीत की। पुलिस ने बताया कि व्यापारी के बैग में दुकान की चाबियां और वही खाता था। इसके अलावा बैग में कुछ नहीं था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दो बदमाश और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश देना शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव