प्लाट पर कब्जे को लेकर सड़क पर अंधाधुंध फायरिंग, दुकान मे तोड़फोड़, जेसीबी फूंकी

बरेली। बरेली मे गुंडे, बदमाश और दबंगों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार की सुबह-सुबह एक प्लाट पर कब्जे को लेकर बीच सड़क पर गोलियां तड़तड़ाने लगी। काफी देर तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही। दहशत के बीच हाईवे पर राहगीर पीछे लौट गए। बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे को लेकर बवाल हो गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे दबंगों ने पीलीभीत बाईपास पर अंधाधुंध फायरिंग की। दो बुलडोजरों को आग लगा दी गई। करीब 30 मिनट तक सड़क पर बवाल होता रहा, जिससे इलाके में दहशत फैली रही। घटना के बाद आरोपी पक्ष के सभी लोग फरार हो गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस को देखकर राजीव राणा ग्रुप के लोग भाग गए। लेकिन उसके होटल का मैनेजर नही भाग पाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष से आदित्य उपाध्याय व उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश मे दबिश दे रही है। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कई युवक फिल्मी स्टाइल में बीच सड़क पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे है। जिस समय दोनों पक्षों से फायरिंग की जा रही थी। उस दौरान छत पर टहल रहे एक युवक को गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी आदित्य उपाध्याय की पीलीभीत बाईपास रोड पर बजरंग ढाबे के पास शंकरा महादेवा मार्बल्स के नाम से मार्बल्स की दुकान है। थाना इज्जतनगर प्रभारी ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे सूचना प्राप्त हुई कि बिल्डर राजीव राणा, उसका पुत्र, केपी यादव अपने 40-50 अज्ञात लोग एवं दो जेसीबी लेकर आदित्य उपाध्याय की दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। देखते ही देखते बवाल हो गया। घटना में दोनों पक्षों की ओर से जमकर फायरिंग की गई। जेसीबी मे आग लगी दी गई। वही कार की टक्कर से संजय और रोहित नाम के दो युवक घायल हो गए। ये दोनों राजीव राणा पक्ष के बताए गए है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से जेसीबी में लगी आग पर काबू पाया। मौके से आदित्य उपाध्याय, उसके पुत्र अविरल उपाध्याय को उनकी गन एसबीबीएल 12 बोर सहित हिरासत में लिया गया है। दूसरे पक्ष की फॉर्च्यूनर कार को कब्जे में लिया गया है। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ तृतीय अनीता चौहान ने बताया कि इस प्रकरण के संबंध मे थाना इज्जतनगर मे अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत मे लिया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तार के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि घटना काफी संगीन है। इसमें जो लोग शामिल रहे, उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *