*प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
*जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने प्रयागराज के सिविल लाइंस में प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस व सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रयागराज,। प्रयागराज शहर में सिविल लाइंस के सुभाष चौराहा पर रविवार को सपाइयों ने प्रदर्शन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को निष्पक्ष कराने की मांग को लेकर दर्जनों की संख्या में जुटे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मना किया। जब वे नहीं माने तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उन्हें वाहनों से ले जाया गया। इस दौरान नारेबाजी भी हुई।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव कराया जाए। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप भी लगाया। साथ ही पुलिस उत्पीड़न का भी आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने सुभाष चौराहे से प्रदर्शन करने वाले सपा के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सपाई निष्पक्ष चुनाव कराने की लगातार कर रहे हैं मांग
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव निष्पक्ष कराने की मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों जिलाधिकारी और एडीजी से मुलाकात कर सपा नेताओं ने ज्ञापन सौंपा था। जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, एमएलसी डा. मान सिंह यादव, वरिष्ठ नेता केके श्रीवास्तव, पंधारी यादव, जोखूलाल यादव, कृष्णमूर्ति सिंह यादव, धर्मराज पटेल, नागेंद्र पटेल, रामानंद भारती, कमल सिंह यादव आदि का कहना है कि सत्ता और प्रशासन द्वारा उनके समर्थक जिला पंचायत सदस्यों को डराया और धमकाया जा रहा है। फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। जिला पंचायत सदस्यों एवं उनके परिवार के लोंगो को परेशान करने, अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। इसलिए इस पर तत्काल रोक लगाए जाने की जरूरत है।