बरेली। जनपद के थाना बिशारतगंज क्षेत्र मे रविवार की रात एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान तीन पशु तस्करों को गोली लगी है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से छुरा और तमंचे बरामद हुए हैं। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 20 नवंबर की रात थाना बिशारतगंज और अलीगंज क्षेत्र के बॉर्डर पर पशुओं के अवशेष मिले थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इस मामले में रविवार रात एसओजी और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली कि बिशारतगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बहाउद्दीनपुर के निकट कुछ तस्कर गोकशी की फिराक में हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की तो तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन तस्कर गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए तस्करों में शकीरा निवासी मोहल्ला एजाज नगर थाना बारादरी, इमरान उर्फ पेप्सी और अनीस ग्राम फरीदपुर इज्जतनगर के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे और कुछ कारतूस के साथ पांच खाली खोखे भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पशु तस्करों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से इस धंधे में लिप्त है। बिशारतगंज और अलीगंज क्षेत्र मे पशुओं के अवशेष मिलने के बाद पुलिस को तस्करों को पकड़ नहीं पा रही थी, लेकिन रविवार को तस्कर पुलिस की गिरफ्त में फंस गए। पकड़े गए तस्करों से पुलिस ने पूछा कि वह मोबाइल क्यों नहीं रखते हैं। इस पर उन्होंने बताया कि मोबाइल से घटना के दौरान सर्विलांस के जरिए जल्दी पकड़ में आ जाते हैं। इसलिए घटना के दौरान वह मोबाइल नही रखते है।।
बरेली से कपिल यादव
