बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले भर मे विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों, एटीएम, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। थाना शीशगढ़, मीरगंज, बहेड़ी, कैंट समेत जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने यह अभियान चलाया। पुलिस कर्मियों ने विशेष सतर्कता के साथ बैंकों और एटीएम के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्ध लोगों और वाहनों को रोककर उनकी पहचान, दस्तावेज और गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नही रहेगा। आगे भी नियमित अंतराल पर इस प्रकार के चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे, ताकि जिले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने यह अभियान अपराधियों पर शिकंजा कसने और किसी भी संभावित अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए शुरू किया है। बरेली पुलिस लगातार इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही है। बरेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करे। बरेली जिले मे आम जनता ने सुरक्षा का एक माहौल महसूस किया है। पुलिस की सक्रियता ने न केवल अपराधियों के मनोबल को तोड़ा है बल्कि नागरिकों को भी यह भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।।
बरेली से कपिल यादव