बरेली। जनपद के थाना प्रेमनगर की शाहबाद चौकी से चंद कदम दूरी पर सोमवार को 55 वर्षीय चौकीदार का शव घर मे पड़ा मिला। नाक और मुंह से खून निकलता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई। मृतक के परिजनों और आगरा निवासी मालकिन को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रेमनगर के शाहबाद चौकी के पास रहने वाले 55 वर्षीय नोमान जलील आगरा में रहने वाली आसमां पत्नी अंसार के मकान की देखभाल करते थे। तीन दिन पहले कुछ लोगों ने आसमां के एक प्लाट पर कब्जा करने का प्रयास किया था। इस दौरान उन लोगों से नोमान का झगड़ा भी हुआ था। शनिवार को लोगों ने उन्हें घर के बाहर टहलते देखा था। सोमवार दोपहर को पड़ोसियों ने देखा कि नोमान का शव घर में पड़ा हुआ है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। मौका मुआयना के बाद पुलिस इसे हादसा मान रही है। वहीं लोगों का यह भी कहना है कि जिन लोगों से इनका विवाद हुआ था हो सकता है उन लोगों ने हत्या कर दी हो। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच में जुट गई है।।
बरेली से कपिल यादव