बाड़मेर/राजस्थान- राजधानी समेत प्रदेशभर में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे हावी होता हुआ दिख रहा है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी की वजह से ठंडी हवा चलने से गलन बढऩे के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। बीते 48 घंटों में राजधानी जयपुर में दिन के तापमान में करीब 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा चुकी है तो वहीं अधिकतर जिलों में रात के तापमान में करीब 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा चुकी है। आज सुबह बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर सहित अन्य जगहों पर घना कोहरा छाने से दृश्यता कम रही। वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। साथ ही सर्दी से बचने के लिए आमजन अलाव का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक दिन के साथ ही करीब एक दर्जन जिलों में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। करीब एक दर्जन जिलों में रात का तापमान जहां 10 डिग्री के नीचे पहुंच चुका है तो वहीं 0.4 के साथ माउंटआबू में सबसे सर्द रात दर्ज की गई। इससे पेड़ों पर बर्फ की परत जम गई। हालांकि करीब एक दर्जन जिलों में अभी भी रात का तापमान 14 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश के सात जिलों में आगमी 48 घंटे घना कोहरा छाने के आसार है। कई शहरों में ठंडी हवाएं चलीं, जिससे सुबह-शाम गलन बढ़ गई। श्रीगंगानगर में दिन का पारा 5 डिग्री लुढ़ककर रविवार को 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग जयपुर केंद्र के अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश में सर्दी अपना और असर दिखाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन अधिकतम तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में अगले चौबीस घंटे में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने का अनुमान है। वहीं अगले पांच दिन में रात का तापमान 5 डिग्री तक लुढ़ककर 16 से 11 डिग्री सेल्सियस पर आने की उम्मीद है। दिन के तापमान में फि लहाल हल्की गिरावट होगी, लेकिन इसके बाद में 1 से 2 डिग्री तक पारा बढ़ेगा।
बीते एक महीने में सबसे सर्द रात
राजधानी जयपुर की बात की जाए तो बीती रात रविवार को बीते एक महीने में सबसे ठंडी रात रही। रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 48 घंटे में चार डिग्री की गिरावट पारे में दर्ज की गई। वहीं अधिकतम दिन का तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान माउंटआबू का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का तापमान 18 डिग्री सेलिसयस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर का 7.6 डिग्री, चूरू का 7.7 डिग्री, श्रीगंगानगर का 8.9 डिग्री, जैसलमेर का 7.4 डिग्री, बाड़मेर का 9.9 डिग्री, सीकर का 4.5 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। मैदानी जगहों पर सीकर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं पिलानी का 6.4 डिग्री, अजमेर का 12.2 डिग्री, वनस्थली का 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान बाड़मेर 15.6 डिग्री, फलौदी 15.4 डिग्री, चूरू का 10.4 डिग्री व बूंदी का 14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
– राजस्थान से राजूचारण