बरेली। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने 2026 मे प्रस्तावित मुख्य विकास कार्य, पंचायत चुनाव, अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं और मकर संक्रांति के अवसर पर कानून व्यवस्था के संबंध में सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मंत्री ने कहा, बरेली पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। नाथ नगरी में शिव मंदिरों के कारण नाथ कॉरिडोर विकसित हो रहा है। पर्यटकों के आवागमन के दृष्टिगत कनेक्टिविटी पर भी ध्यान दें। हवाई यात्रा को उड़ानें बढ़ाने पर जोर दें। स्कूलों में नैतिक शिक्षा व खेलों पर जोर दें ताकि नई पीढ़ी मोबाइल की लत से दूर रह सकें। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष प्रशासन ने बहुत अच्छा कार्य किया, जिस कारण जनता का रुख बदला है। मुख्यमंत्री ने भी कहा पाठ पढ़ना है तो बरेली से सीखें। इस वर्ष भी अच्छा रहे, इसके लिये ध्यान देना होगा। किसानों को खाद, बीज, सिंचाई, बिजली की उपलब्धता, पशुपालन पर भी ध्यान दें। पशुपालकों की संख्या घटती जा रही है, दूध सभी को शुद्ध चाहिए लेकिन पशुपालन कोई नहीं करना चाहता, चारे का रकबा भी निरंतर कम होता जा रहा है। इस ओर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि हर खेत पर मेड़ और हर मेड़ पर पेड़ लगाए जाने का संदेश दें। ई बसों को पुनः तहसील स्तर तक संचालित करने को विधायकों ने मांग रखी। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि एकीकृत कृषि के अन्तर्गत खेती के साथ मछली पालन व अन्य पशुपालन भी कृषक अपना रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में जनपद प्रदेश में चौथे नंबर पर है, युवाओं को व्यवसाय के लिए ऋण दिया जा रहा है। खाद की कालाबाजारी रोकने को स्थानीय स्तर पर नीति बनायी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज करवाने को 1930 पर कॉल कर सकते है। इस पर शिकायत दर्ज करवाने को पीड़ित के खाते पर धन निकासी के लिए रोक लगा दी जाती है, जिससे पीड़ित का आर्थिक नुकसान होने से बच जाता है। फर्जी आईडी पर सिम कार्ड बेचने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। बैठक में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो व बहोरन लाल मौर्य, विधायक नवाबगंज डॉ. एमपी आर्य, विधायक बिथरी डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक फरीदपुर श्याम बिहारी लाल (अब स्वर्गीय), विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र दुग्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष बरेली सोमपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह आदि सहित अधिकारियों में मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
