बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में लगातार चोरियों की घटनाएं बढ़ती जा रही है। जनरेटर चोरी का मामला शांत नहीं हुआ तब तक सोलर पैनल और बैटरी चोरी का एक नया मामला सामने आ गया। मुखबिर की सूचना पर न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी में लगे सोलर पैनल और बैटरी चुराने वाले तीन चोरों को सीआइबी ने गिरफ्तार किया है। तीनों को रेल धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर आरपीएफ सीआईबी को सोलर पैनल चोरी के मामले में आरोपियों की धरपकड़ को लगाया गया था। रविवार की देर रात मुखबिर ने टीम प्रभारी जगबीर सिंह, उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र, बृजमोहन शर्मा को सूचना दी। तीन युवक न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी से सोलर पैनल चोरी करके ले जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर टीम ने छापा मारकर तीनों आरोपी पकड़ लिये। आरोपियों के पास से एक सोलर प्लेट, बैटरी, ऑटो , सब्बल, रस्सी आदि बरामद हुआ। आरोपी कुलदीप, संदीप कुमार और कमलेश कुमार पीलीभीत में बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव विक्रमपुर के रहने वाले हैं। रेल एक्ट की धारा में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की जांच एसआई दीपक कुमार कश्यप रेल सुरक्षा बल चौकी सीबीगंज करेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
