देवरनियां, बरेली। नाबालिग को नशा देकर रेप करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सप्ताह भर बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की पीड़िता की मां आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को थाने के चक्कर काट रही है। अब उसने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से कार्यवाही के लिए गुहार लगाई है। कस्बा निवासी एक महिला ने वहीं के रहने वाले इम्तियाज उर्फ राजू डॉक्टर, मुन्ताज अहमद और कुमारी आमना अपनी नाबालिग पुत्री को कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है। जिसकी शिकायत महिला ने दो सप्ताह पूर्व देवरनियां पुलिस से की। मगर देवरनियां पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की है। जिस पर पीड़िता की मां ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से भी गुहार लगाई है। पीड़िता ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि आरोपी उस पर कार्यवाही वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने देवरनियां पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही को पत्र लिखा है लेकिन देवरनियां पुलिस द्वारा अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई है। बताते हैं कि आरोपियों ने देवरनियां पुलिस से सांठगांठ कर रखी है। सूत्रों का दावा है कि देवरनियां पुलिस ने इस मामले का सौदा लाखों में कर लिया है। पीड़िता की मां ने बताया कि एक दरोगा उनके घर आए थे। वह भी उन्हें ही चुप रहने को कह गए। इधर पुलिस इस मामले को झूठा बता रही है। इंस्पेक्टर देवरनियां दयाशंकर कहते हैं कि पीड़िता की मां के आरोप निराधार हैं। जांच कर रहे हैं। जांच में जो दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव