बरेली। भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा प्रबंधन समिति की ओर से महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सिटी सब्जी मंडी स्थित प्राचीन भगवान वाल्मीकि मंदिर से शुरू हुई। मुख्य अतिथि मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल व शोभायात्रा अध्यक्ष अंशु आर्य ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। यात्रा बिहारीपुर, किशोर बाजार, रोडवेज, श्यामगंज, माधववाड़ी मार्ग होते हुए ब्रह्मपुरी वाल्मीकि सद्भावना मेला स्थल पहुंची। जहां मेलाध्यक्ष मनोज थपलियाल ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान गंगा-जमुनी तहजीच की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की और जल, शरबत व मिष्ठान का वितरित किए। शोभायात्रा में चंदौसी का प्रसिद्ध माता काली अखाड़ा, मुरादाबाद, बदायूं व दिल्ली से आई विशेष झांकियां, सर्व धर्म एकता समिति का सामाजिक सद्भाव का एकता रथ और आर्य परिवार बरेली को भारत माता झांकी आकर्षण का केंद्र रही। देवी-देवताओं के रूप में सजे बच्चों और युवाओं ने सबको आकर्षित किया। शहर में शोभायात्रा देखने सैकड़ों की भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी के साथ फोर्स मुस्तैद रही। कार्यक्रम मे दर्जा राज्य मंत्री उमेश कठेरिया, डॉ. पवन सक्सेना, पुष्पा पाण्डेय, प्रशांत पटेल, योगेश कुमार बेटी, विशाल सिंह बिंदु, अंकित आर्य, विजय वाल्मीकि, सौरभवाल्मीकि, राजेश अग्रवाल, अजय रत्नाकर, हरि सिंह वरदान, हरीश बाबू वाल्मीकि, पारस सिंह, आकाश पुष्कर, अंकुश आर्य सहित अन्य मौजूद रहे। शोभायात्रा के समापन पर उत्कृष्ट झांकियों को सम्मानित किया गया।
बरेली से कपिल यादव