बहेड़ी, बरेली। किसान के घर से साढ़े सात लाख की चोरी का बहेड़ी थाना पुलिस ने 24 घंटे मे ही खुलासा कर दिया। किसान के दोस्त ने ही घर में घुसकर चोरी की थी। जिसे पुलिस ने पूरी रकम के साथ पकड़ लिया। उतरसिया गांव के निरपान पुत्र कृष्ण पाल ने बुधवार को पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि उसके घर में रखे साढ़े सात लाख रुपए चोरी हो गए हैं। घटना की जांच के बाद किसी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो युवक भुड़िया कॉलोनी से कठंगरी जाने वाले मार्ग स्थित पाइप फैक्टरी के पास मल्हपुर छितौना मार्ग के खड़ंजे पर गन्ने के खेत में चोरी की रकम बांट रहे है। सूचना मिलने पर दरोगा राजू कुमार ने पुलिस टीम के साथ दो चोरों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से साढ़े सात लाख रुपये बरामद हो गए। पकड़े गए चोरों ने अपना नाम सुजीत मंडल पुत्र असीम मंडल निवासी भुड़िया कॉलोनी और दूसरे ने मनोज पुत्र राजेंद्र निवासी वार्ड नं आठ थाना सितारगंज जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड बताया। सुजीत ने पुलिस को बताया कि वह निरपन का दोस्त है। उसे पता चला कि निरपन के घर जमीन खरीदने के पैसे रखे है तो उन्होंने निरपन के घर बीते 30 जुलाई को दोपहर दो बजे उसके घर से रुपयों की चोरी कर ली थी। घटना की सूचना निरपन ने पांच अगस्त को दी तो पुलिस ने सूचना मिलने के बाद चोरी की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी का खुलासा भी कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
