दो क्रेटा कारो के सामने आई स्कूटी, भिड़ी, ई-रिक्शा को टक्कर मार डिवाइडर से टकराई

बरेली। इज्जतनगर इलाके में सोमवार को मंडी गेट के सामने अचानक हुए सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। त्रिशूल तिराहे की ओर से डेलापीर जा रही दो क्रेटा कारों के सामने अचानक स्कूटी आ गई। पहली क्रेटा की स्कूटी से टक्कर हो गई, जबकि पीछे आ रही दूसरी क्रेटा ई-रिक्शा से टकराने के बाद डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक सोमवार को एक क्रेटा कार त्रिशूल तिराहे की तरफ से डेलापीर की ओर आ रही थी। उसके ठीक पीछे दूसरी क्रेटा भी चल रही थी। दोनों गाड़ियां मंडी गेट के सामने पहुंचीं, तभी अचानक एक स्कूटी सामने आ गई। पहली क्रेटा और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। अचानक हुए हादसे से पीछे आ रहे वाहनों के चालकों में भी हड़कंप मच गया। पहली कार और स्कूटी की टक्कर के बाद पीछे चल रही दूसरी क्रेटा भी हादसे की चपेट में आ गई। कार एक ई-रिक्शा से टकराई और इसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। एक के बाद एक वाहनों की टक्कर से मंडी गेट के सामने अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि मंडी गेट के सामने दो कार, स्कूटी और ई-रिक्शा दुर्घटना की चपेट में आए हैं। स्कूटी और ई-रिक्शा चालक को चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *