बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र मे मंगलवार सुबह दिल्ली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही टूरिस्ट बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 32 अन्य यात्री घायल हो गए। इनमें बस चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा मंगलवार तड़के चार बजे धनेटा फाटक के पास हुआ। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह टक्कर हुई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि वह इन मजदूरों का ठेकेदार था। वह बस चालक के पास आगे की सीट पर बैठा था। मृतक का शव मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखा गया है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके परिवार को फोटो भेजा गया है। बस में सवार सभी लोग नेपाल और सीमावर्ती इलाकों के मजदूर थे। वे हिमाचल प्रदेश के सेब बागानों में काम करते थे और दिवाली मनाने अपने घर लौट रहे थे। यह बस जय पशुपति नाथ टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी की थी। इसे हिमाचल प्रदेश के गूमापुर खाई से नेपाल के रुपईडीहा के लिए बुक किया गया था। बस में सवार मजदूर दिवाली के अवसर पर अपने घर लौट रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित धनेटा रेलवे फाटक के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े ट्रक में बस पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस मे सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। 108 एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। 12 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज पहुंचाया गया। इसके अलावा 18 घायलों को नवोदय अस्पताल और राजश्री अस्पताल भी भेजा गया। मीरगंज सीएचसी अधीक्षक डा. वैभव राठौर ने 40 वर्षीय अज्ञात यात्री की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सीएचसी लाए गए सभी 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में अधिकांश नेपाल के निवासी है। दुर्घटना में घायल हुए 32 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीओ देवेश सिंह ने बताया कि बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बस चालक और उसके पास बैठे शख्स को गंभीर चोटें आई थी। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, सीओ हाईवे देवेश सिंह, सीओ मीरगंज अजय कुमार सिंह और एफएसओ केके बंसल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जानकारी में ट्रक सड़क पर खड़ा मिला। हादसे के बाद उसका चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक हाईवे पर किस वजह से खड़ा था और बस चालक को वह दिखाई क्यों नहीं दिया।।
बरेली से कपिल यादव
