फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र की निवासी युवती का रिश्ता नोएडा के युवक से तय हुआ था। दहेज मे 50 लाख रुपये न मिलने पर नोएडा निवासी लड़का पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों के साथ अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर फरीदपुर थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि नगर के मोहल्ला मिर्धान गली गन्ना दफ्तर निवासी शुभम प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन अंकिता तोमर का विवाह शांतनु सोलंकी के साथ तय किया था। 12 अक्टूबर को फरीदपुर के केसरपुर मे एक ढाबे मे दोनों पक्ष मिले। शगुन दो नवंबर को बरेली के एक होटल मे हुआ। जिसमें उन्होंने करीब 35 लाख रूपये खर्च किए। शुभम प्रताप सिंह के मुताबिक शगुन समाप्त होने के बाद लड़के वाले बोले जब बरेली तक आ ही गए तो इसी बहाने आपके घर चलकर आगे लेन-देन की बात भी कर ली जाएगी और घर भी देख लेंगे। उसी दिन समय करीब 6:30 बजे शाम को शांतनु सोलंकी, ममता सोलंकी व अनिल सिंह, शुभ्र, राकेश सिंह चौहान व साथ मे फतेहगंज पूर्वी के शिवपुरी रधौली गांव निवासी रेनू भी आई। ये लोग शादी मे 50 लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। लड़की पक्ष ने रुपये देने से मना कर दिया। आरोप है कि लड़की पक्ष के विरोध करने पर शांतनु सोलंकी उग्र हो गया और गाली देने लगा। गाली देने से मना किया तभी सभी लोग शुभम प्रताप सिंह व उनके मामा के साथ मारपीट करने लगे। दहेज मे रुपये न देने पर शादी करने से मना कर दिया। पुलिस बुलाने की बात कहने पर लड़के वाले जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शांतनु समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।।
बरेली से कपिल यादव
