दर्दनाक हादसा: रोजा मे ट्रेन से कटकर बाइक सवार पांच की मौत

रोजा(शाहजहांपुर)। जनपद शाहजहांपुर के रोजा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार शाम साढ़े छह बजे ट्रेन की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही बाइक पर सवार होकर अवैध रास्ते से रेल पटरी पार कर रहे थे पांचों लोग। अचानक 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वही मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र के बनका गांव का 26 वर्षीय हरिओम सैनी अपने साढू सेठपाल, साली पूजा, चार वर्षीय भांजो निधि व डेढ़ वर्षीय भांजे आर्यांश के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर निगोही क्षेत्र के बिक्रमपुर चकौरा से अपने पैतृक गांव बनका जा रहा था। रोजा यार्ड क्षेत्र में शाम साढ़े छह बजे एक अनाधिकृत रास्ते से वह रेल लाइन पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरिओम ने दूर से ट्रेन आती देखकर बाइक पटरी पर ही रोक दी। उसे भ्रम हुआ कि ट्रेन दूसरी लाइन से गुजर रही है जबकि अमृतसर से सहरसा जा रही 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस उसी पटरी पर तेज गति से पहुंच गई। लोको पायलट ने हॉर्न बजाकर बाइक सवारों को सचेत करने का प्रयास किया लेकिन समय रहते कोई संभल नहीं सका और ट्रेन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक समेत सभी पांचों लोग ट्रेन में फंस गए और करीब 300 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों बच्चों समेत पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को हटाया गया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन रोजा स्टेशन के पास खड़ी रही। ट्रैक क्लीयर करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। सभी शवों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीएम वित्त व एआरटीओ ने भी जांच-पड़ताल की।।

शाहजहांपुर से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *