बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में चकरोड की पैमाइश करने गए लेखपाल के साथ दबंगों ने अभिलेख छीनकर मारपीट की। इसके साथ ही गांव का नक्शा और प्रार्थना पत्र फाड़ कर फेंक दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर लेखपाल को बचाया। लेखपाल ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इस घटना से लेखपाल संघ में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव टिटौली के ग्रामीणों ने पिछले दिनों गांव के चकरोड और नाली पर अवैध कब्जा होने की शिकायत उपजिलाधिकारी से की थी। इस समय ग्राम पंचायत चकरोड पर मनरेगा के द्वारा मिट्टी का कार्य करा रही है। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद अब्दुल्ला को चकरोड की पैमाइश कर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया। एसडीएम के आदेश पर लेखपाल रविवार की सुबह पैमाइश करने गांव पहुंचे। तो मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की मौजूदगी में लेखपाल ने गाटा संख्या 854 का चकरोड और गाटा संख्या 851 नाली की पैमाइश की। पैमाइश में चकरोड और नाली पर गांव के दबंगों का अवैध कब्जा मिला। चकरोड खेत में निकलने पर दबंगों ने हंगामा करना शुरू कर लेखपाल से अभद्रता की। विरोध करने पर लेखपाल से मारपीट की और गांव का नक्शा और प्रार्थना पत्र फाड़ कर फेंक दिए। मारपीट करने वाले दबंगों ने लेखपाल से सरकारी अभिलेख भी छीन लिए। ग्रामीणों ने लेखपाल को बचाया। ग्रामीणों ने दबंगों से अभिलेख छीनकर लेखपाल को लौटाए। लेखपाल ने घटना की सूचना तहसील के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह और कोषाध्यक्ष अनिल कुमार पीड़ित लेखपाल को लेकर फतेहगंज पश्चिमी थाने पहुंचे। लेखपाल ने आरोपी मोहम्मद शफी और आरिफ के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। लेखपाल ने बताया पैमाइश के समय पुलिस साथ नहीं थी। दवंग आरोपियों ने चकरोड की जमीन काट कर खेत में मिला रखी है। अवैध कब्जा हटाने की कोशिश करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। उधर पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेखपाल संघ के कोषाध्यक्ष ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव