थाना परिसरों मे हुई पीस कमेटी की बैठके, शांति-सौहार्द से मनाएं त्योहार

बरेली देहात। पर्व और त्योहार किसी भी धर्म के हो, लोगों और समाज को आपस मे जोड़ते है और मिलजुल कर रहना सिखाते है। शब-ए-बरात, महाशिवरात्रि जैसे पर्वों को शांति और सौहार्द से मनाने की अपील करते हुए थाना परिसरों में पीस कमेटियों की बैठके आयोजित की गयी। बैठकों में थाना प्रभारियों ने पीस कमेटी पदाधिकारियों के साथ ही अन्य गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया था। आंवला: महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण मे संपन्न कराने को लेकर तहसील आंवला कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसएसआई राजेश बाबू मिश्रा ने की। इस दौरान नगर के गणमान्य नागरिकों एवं अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया गया। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि महाशिवरात्रि के पर मठ-मंदिरों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इस पर एसएसआई राजेश बाबू मिश्रा ने महाशिवरात्रि से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुचारू कराने का आश्वासन दिया। बैठक मे हिंदू जागरण मंच के नगर अध्यक्ष रामबीर प्रजापति, समाजसेवी सूरजभान गुप्ता, बॉबी अग्रवाल, वरुण अग्रवाल, सुनील गुप्ता, रामगोपाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मीरगंज: थाना परिसर मे पीस कमेटी की बैठक में एसओ संजय तोमर ने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की जरूरत है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी। बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति और सौहार्द का संदेश दें। इस दौरान नारायण गुप्ता, ओमपाल गंगवार, चरनजीत सिंह टोनी, सरदार रंजीत सिंह, जीशान अंसारी, विशाल गंगवार, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद आरिफ अंसारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। शेरगढ़: थाना में मंगलवार को हुई शांति समिति की बैठक मे प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने क्षेत्रवासियों से त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। कहा कि त्योहार शांति और सद्भाव से मनाएं और कोई नई परंपरा शुरु न करें। शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती निपटा जाएगा। नवाबगंज: कोतवाली सभागार में मुस्लिम धर्मगुरुओं और समाज के जिम्मेदार लोगों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने सभी से अकीदत और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। शब-ए-बरात और रमजान को लेकर उपस्थित उलेमाओं, सभासदों और अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन के पदाधिकारियों ने सुझाव रखे। इन पर गंभीरता से विचार का आश्वासन दिया गया। बैठक में अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन के सदर असलम अंसारी ने शब-ए-बरात के अवसर पर कब्रिस्तानों और नगर के बिजौरिया तिराहा, हनुमान मंदिर, अंबेडकर पार्क, बाईपास पर पुलिस बल तैनात किए जाने की मांग रखी। इस पर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गये।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *