बरेली। बीडीए ने शनिवार को भोजीपुरा क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान एक अवैध कॉलोनी को जमींदोज कर दिया गया, जबकि कई बिल्डर्स के बनाए डुप्लेक्स भवनों पर सील लगा दी। बिल्डर अमरजीत सिंह के मार्डन विलेज के नाम से लगभग तीन हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल मे बिना किसी स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल बनवाकर अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे निर्माण क्षेत्र का निरीक्षण किया और पाया कि यह कार्य पूरी तरह से उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के खिलाफ है। इस पर टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस अलावा बिल्डर सोनू सिंह ने 140 वर्गमीटर, सचिन ने 160 वर्गमीटर और राममूर्ति ने 180 वर्गमीटर में डुप्लेक्स भवन बनाए गए थे, जबकि इन्द्रजीत मेहता बिल्डर्स ने 1200 वर्गमीटर में 20 डुप्लेक्स भवन बनवाए। सभी निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के पाए गए। बीडीए टीम ने इन सभी मकानों पर सीलिंग कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम में संयुक्त सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेन्द्र शर्मा, विनोद कुमार, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी समेत अन्य तकनीकी स्टाफ शामिल थे। बीडीए वीसी मनिकन्डन ए. ने चेतावनी दी कि बिना मान्यता प्राप्त नक्शा और स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करना गंभीर अपराध है। स्पष्ट कहा कि अवैध निर्माणों को तत्काल ध्वस्त किया जा सकता है और ऐसे निर्माणों में निवेश करने वाले लोग स्वयं जिम्मेदार होंगे। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि भवन या भूखंड खरीदने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र की पुष्टि अवश्य कर ले।।
बरेली से कपिल यादव
