बरेली। गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां पूरी हो गई है। शहर मे जगह-जगह पंडाल सजाए जाएंगे और 27 अगस्त से अलग-अलग समितियों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मराठा एसोसिएशन और श्री गणेश महोत्सव समिति के तत्वावधान में श्री गणेश महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। 27 अगस्त को महाराष्ट्र के सांगली जिले से लाई गई भगवान श्री गणेश जी की दिव्य प्रतिमा की स्थापना के साथ सप्ताहभर चलने वाले महोत्सव की शुरुआत होगी। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल बाबूराम धर्मशाला, आलमगीरीगंज, शिवाजी मार्ग को भक्तिमय वातावरण में सजाया गया है, जहां पूरे सप्ताह गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भक्तजन पूरी श्रद्धा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। महोत्सव का समापन 2 सितंबर को विप्नहतां गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। परंपरा के अनुसार महाराष्ट्र से आए बैंड से आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी जो शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके बाद भक्तों के बीच भावनात्मक माहौल में गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान गगन मेहरोत्रा, मनोज रस्तोगी, अविनाश पाटिल और प्रमोद पाटिल ने बताया कि यह आयोजन हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने और भक्तों के मन में अपने इष्ट देवता के प्रति भक्ति और संस्कार की भावना जागृत करने का माध्यम है। संस्था अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि शहर में सैकड़ों गणेश प्रतिमाएं भक्तों को वितरित की जा रही हैं और हजारों परिवार अपने घरों में भी गणपति बप्पा की स्थापना कर जन्मोत्सव को धूमधाम से मना रहे है।।
बरेली से कपिल यादव