भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता पुलिस ने वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। उनके पास से 175 लीटर डीजल बरामद किया गया है। आरोपियों ने बिथरी चैनपुर के एक दुकानदार को डीजल बेचने की बात कबूल की है। 18 फरवरी को गाजियाबाद के भोजपुर के महमूदपुर के मोहित चौहान ने भुता थाने मे केस दर्ज कराकर आरोप लगाया कि 17 फरवरी की रात उनका डंपर सड़क किनारे खड़ा था। बदमाशों ने डंपर से तेल चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। बुधवार रात भुता इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार को सूचना मिली की उदयपुर पुलिया के पास बदमाश डीजल चोरी कर फरार होने की कोशिश कर रहे है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके अन्य साथी कार लेकर फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम पीलीभीत के बरखेड़ा के कटकवारा निवासी अमित कुमार एवं देवव्रत बताया। जबकि फरार बदमाशों के नाम पीलीभीत के बीसलपुर के जोगीठेर के सुमित और सुचित बताए गए। पुलिस पूछताछ मे पकड़े गए डीजल चोर गिरोह के अमित कुमार ने बताया कि सुमित और सुचित कार से खड़े वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद उनसे डीजल चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। यह लोग डीजल चोरी करने के बाद बिथरी चैनपुर के आलमपुर चौराहा के नन्हे की दुकान पर डीजल बेचते थे। नन्हे को करीब 1000 लीटर डीजल बेचा है। नन्हें दुकान में रखा डीजल बेचने का कारोबार करता है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से 175 लीटर डीजल बरामद किया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की क्राइम हिस्ट्री खंगाली। अमित के खिलाफ पीलीभीत के बीसलपुर, बरखेड़ा समेत कई थानों में 11 मुकदमे दर्ज है। जबकि देवव्रत के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज पाए गए है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया की फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
