आंवला, बरेली। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को आंवला में हुई बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब जिलाध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर पार्टी के पुराने और नए कार्यकर्ताओं में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्कामुक्की तक पहुंच गया। विवाद बढ़ता देख कुछ वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। हालांकि बैठक में बरेली जिले के पर्यवेक्षक के तौर पर पहुंचे जयेंद्र रमोला ने हंगामे की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि वह कैंप कार्यालय की पहली मंजिल पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे और बाहर क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। दरअसल, कांग्रेस की ओर से इन दिनों संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बरेली जिले में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है। बरेली जिले के लिए जयेंद्र रमोला को पर्यवेक्षक बनाया गया है। वह विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं की राय जानने के साथ नए जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारों के आवेदन भी ले रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर आंवला के धेर अन्नू खां मोहल्ले स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय में बैठक आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान बरेली से कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। उन्होंने संगठन में अपनी अनदेखी किए जाने की बात उठाई। इनमें से कुछ लोगों ने जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी जताते हुए कार्यकर्ताओं से समर्थन मांगा। इस पर पार्टी के पुराने कार्यकर्ता नाराज हो गए। पुराने कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी में कुछ ही समय पहले शामिल हुए लोगों को संगठन की जिम्मेदारी देने से पहले उनके अनुभव और पार्टी के प्रति योगदान को भी देखा जाना चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बाद स्थिति धक्कामुक्की तक पहुंच गई। हालांकि कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। बैठक में नगर अध्यक्ष सरफराज बेग, जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, ओमवीर यादव, केबी त्रिपाठी, केके शर्मा, सुभान अंसारी, परवेज बेग, शकील, अतुल गुप्ता, नितिन महाराज, गुड्डू मलिक, रामचंद्र मौर्य, सुधीश शर्मा, राजीव गुप्ता और फरीद आदि मौजूद रहे। कमेटियों को जल्द नया रूप देने का आश्वासन : विवाद की जानकारी पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला तक पहुंची तो उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मानजनक स्थान दिए जाने का भरोसा दिलाया। कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की बात सुनना है। उन्होंने किसी तरह के हंगामे की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने संकेत दिया कि जिला और नगर कमेटियों को जल्द नया स्वरूप दिया जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव ओमवीर यादव ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।।
बरेली से कपिल यादव
