जिलाधिकारी बरेली के पिता का निधन, दी श्रद्धांजलि

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के पिता दिनेश बहादुर सिंह का 80 वर्ष की आयु में गुरुवार को सुबह करीब 10.45 बजे लंबी बीमारी से निधन हो गया। दिनेश बहादुर सिंह सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी थे और पिछले डेढ़ महीने से लंग्स की बीमारी की वजह से भोजीपुरा के निजी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में भर्ती थे। सूचना मिलते ही बीडीए वीसी मनिकन्डन ए., एसपी सिटी मानुष पारिक, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह सहित कई अन्य अधिकारी हॉस्पिटल पहुंच गए। दोपहर 1.20 बजे दिनेश बहादुर सिंह का पार्थिव देह एंबुलेंस से डीएम आवास लाया गया। डीएम आवास की लॉबी में अंतिम दर्शन को पार्थिव देह रखी गयी। डीएम की मां ने सबसे पहले पति की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। बताते है कि मंगलवार से पिता की ज्यादा तबीयत खराब होने पर डीएम अविनाश सिंह ने अपने भाई, दो बहनों और बच्चों को बरेली बुला लिया था। डीएम के पिता के निधन की सूचना पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी, एडीजी रमित शर्मा, डीआईओ अजय कुमार साहनी, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इधर डीएम ने बताया कि अंत्येष्टि संस्कार प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर किया जाएगा। बरेली से शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे प्रयागराज के लिए पार्थिव शरीर ले जाएंगे। वही जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आशीष गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने डीएम अविनाश सिंह के पिता दिनेश बहादुर सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि स्व. दिनेश बहादुर सिंह ने अपने जीवन में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को सदैव सर्वोपरि रखा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *