जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में हुई प्रगति की समीक्षा

सहारनपुर- जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में आगामी 25 जनवरी तक जनपद की विभिन्न पंचायतों में आयोजित किए जाने वाले संगठन सृजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी मोनिंद्र सूद वाल्मीकि ने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस ही मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में जनहित की लड़ाई व संघर्ष को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि
कांग्रेस का मजबूत संगठन ही आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा एवं प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार
लल्लू का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने तथा जनहित में कांग्रेस की संघर्ष की संस्कृति को आगे बढ़ाने का है। उन्होंने जनपद के सक्रिय पदाधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन में किसी भी स्तर पर
निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शीघ्र ही निष्क्रिय पदाधिकारियों को चिन्हित कर उन्हें बदलने का काम भी किया जाएगा। जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि जिन पंचायत क्षेत्रों में अभी अभियान के अंतर्गत बैठक नहीं हुई है उनमें 25 जनवरी तक प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बैठक करके सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में संगठन मजबूत व जिताऊ कार्यकर्ताओं को ही उम्मीदवार बनाएगा तथा कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने कार्यकर्ताओं की पीड़ा से अपनी सहमति जताते हुए कहा कि अब ऐसा नहीं होगा जो भी कार्यकर्ता पार्टी संगठन में काम करेगा उसे ही सम्मान देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पहले वाली कांग्रेस नहीं है। राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा एवं प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस संघर्ष करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन में सक्रिय व समर्पित कार्यकर्ताओं को ही पूरा मान-सम्मान देने का काम किया जाएगा। वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उमा भूषण व जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी ने
संगठन सृजन अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम् कदम बताया। बैठक में युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश
उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, महासचिव विजय शर्मा एवं युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नितिन शर्मा का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा मुरादनगर में शमशान घाट की छत गिरने से मारे गए सभी मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर पीड़ित परिवारों के लिए संवेदना प्रकट की गई,बैठक में भारी संख्या में पार्टी नेता और समर्थक मौजूद रहे।

– सहारनपुर से मन्थन चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *