मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे पुलिस ने गत दिनों छज्जा निकालने को लेकर हुए संघर्ष में ग्रामीण की हत्या के मामले में वांछित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। क्षेत्र के गांव जाम मे गत 25 मई को पड़ोसियों में मकान का छज्जा निकालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने लकड़ी की फंटियों से लक्ष्मण प्रसाद पुत्र ठाकुरदास पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय लक्ष्मण प्रसाद की मौत हो गई थी। मृतक के भाई कुंवरपाल ने इस मामले में महेंद्र, अनोखे, करन, हरजीत, राज रतन, धर्मपाल निवासी जाम के खिलाफ मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना कर रहे एसओ रवि कुमार ने पुलिस टीम के साथ चुरई चौराहे पर छापा मारकर गुरुवार को वांछित आरोपी अनोखे पुत्र कल्याण उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के कुंवर पाल से हमारा छज्जा डालने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। अनोखे ने पुलिस को बताया कि उसने बचाव में लिंटर की लकड़ी उठा ली। किसी के वार से लक्ष्मण स्वरूप गिर गया। उसने वार नहीं किया। वह डरकर वहां से भाग गया। भागते समय फंटी को रास्ते में कहीं फेंक दी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस इस मामले में कुछ आरोपियों को पूर्व में जेल भेज चुकी है।।
बरेली से कपिल यादव
