चार बच्चों की मां ने प्रेमी संग पति को उतारा मौत के घाट, दोनों गए जेल

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत के संविदाकर्मी को उसकी पत्नी रेखा ने अपने प्रेमी पिंटू उर्फ टिंकू के साथ जहर दिया और गला दबाकर शव फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अलीगंज के गांव खेलम देहा जागीर निवासी केहर सिंह फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत में संविदा सफाई कर्मी था और पत्नी रेखा व चार बच्चों के साथ कस्बे में ही किराये पर रहकर नौकरी करता था। 13 अप्रैल की शाम केहर सिंह का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। मगर पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि हुई और जहर के लक्षण मिलने पर बिसरा सुरक्षित किया गया। बुधवार को केहर सिंह के भाई अशोक ने उसकी पत्नी रेखा और प्रेमी पिंटू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। गुरुवार को पुलिस ने रेखा और उसके प्रेमी पिंटू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि रेखा ने प्रेमी के कहने पर घटना वाले दिन केहर सिंह को चाय में चूहे मारने वाला दवा दे दी। फिर गला दबाकर हत्या के बाद दोनों ने उसका शव फंदे पर लटका दिया। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया मृतक की पत्नी रेखा ने प्रेमी पिंटू के कहने पर पति को जहर देने की बात स्वीकार की। पोस्टमार्टम में गला दबाने की भी पुष्टि हुई है। मृतक के भाई ने भी पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी बिंदुओं के आधार पर दोनों को जेल भेजा गया है। दरवाजा अंदर से बंद मिलने के बिंदु पर जांच जारी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *