बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुगलपुर मे घुसे छात्रा के परिजन ने कक्षा पांच के छात्र को बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद छात्र बेहोश हो गया। हेडमास्टर ने बेहोश छात्र को एंबुलेंस से सीएचसी भेज दिया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार कर छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छात्र के परिजनों की तहरीर पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना फतेहगंज पश्चिमी के गांव मुगलपुर के प्राथमिक विद्यालय मे बुधवार सुबह शिक्षकों के पहुंचने से पहले कक्षा पांच के छात्र दिपांशु और कक्षा चार की दिव्यांग छात्रा मंजू मे झगड़ा हो गया। छात्रा ने घर जाकर परिजनों से शिकायत की। छात्रा अपने दादा लालाराम को लेकर स्कूल पहुंची। आरोप है छात्रा के दादा ने दीपांशु को बेरहमी से पीटा। पिटाई से छात्र बेहोश हो गया। जिससे स्कूल मे मौजूद बच्चों मे अफरा तफरी मच गई। टीचर स्कूल पहुंचे तो रसोइया ने उन्हें घटना की जानकारी दी। हेडमास्टर घनश्याम शर्मा ने अभिभावकों को बुलाया। वे परिजनों के साथ बेहोश छात्र को सीएचसी मीरगंज ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। छात्र के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाने मे तहरीर दी है। प्रधान हरनाम सिंह ने बताया दिपांशु के पिता राम सिंह की मौत हो चुकी है। मां उसे छोड़कर चली गई है। चाचा-चाची उसका पालन-पोषण कर रहे है। हेडमास्टर ने बताया कि बुधवार सुबह स्कूल रसोइया ने खोला। घटना सुबह नौ बजे से पूर्व की है। बच्ची के बाबा ने कक्षा पांच के छात्र को पीट दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। मैं स्कूल पहुंचा तो दीपांशु बेंच पर लेटा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। मैंने परिजनों को बुलाकर पानी के छींटे मारकर उसका मुंह साफ किया। मैं उसे परिवार वालों के साथ सीएचसी ले गया। एसओ प्रयागराज सिंह ने बताया पुलिस ने छात्र के चाचा दीपांशु की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।।
बरेली से कपिल यादव
