ग्राम प्रधान के यहाँ बोला डकैतो ने धावा:जाते समय प्रधान को फेंका छत से

गाजीपुर/ जमानियां- दरौली के ग्राम प्रधान कोमल सिंह कुशवाहा के घर में डकैतों ने गुरुवार की रात धावा बोल दिया। लूटपाट के बाद जाते वक्त उन्हें छत से फेंक दिए। इससे उनके दाहिने पांव की हड्डी टूट गई। इस मामले में उन्होंने 12 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
पीड़ित ग्राम प्रधान के अनुसार वह गांव की चट्टी स्थित अपने किराये के मकान की छत पर परिवार संग सोए थे। उसी बीच गमछे से मुंह बांधे बदमाश मकान के पीछे से छत पर चढ़े। फिर उनमें दो पिस्तौल निकाल कर उनकी दोनों कनपटी पर तान दिए और गालियां देते हुए कहने लगे कि वह उनके काम में नाहक टांग अड़ाते हैं। इसके लिए वह उन्हें नहीं छोड़ेंगे। फिर लात-घुसे बरसाने लगे। साथ ही ग्राम पंचायत में हैंडपंप की रिबोरिंग के लिए छत पर रखी 22 नई पाइप तथा दस पुरानी पाइप के अलावा कोमल कुशवाहा के पास की करीब आठ हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन समेट लिए।
जाते वक्त बदमाश मौत के घाट उतारने की मंशा से ग्राम प्रधान को छत से उठा कर मकान के पीछे फेंक दिए। संयोग रहा कि वह छत से फेंके जाने के बाद नीचे रखे बालू पर गिरे। लिहाजा साफ बच गए। बदमाश अपनी पिकअप पर लूट की पाइपों को लाद कर चलते बने। ग्राम प्रधान ने बताया कि बदमाशों की बोलचाल की भाषा इलाकाई लग रही थी। इस घटना से दरौली के लोग दहशत में हैं। सुबह गांव के लोग ग्राम प्रधान संग कोतवाली में आए। उनका कहना था कि दरौली चट्टी पर अराजक तत्वों का खौफ कायम हो गया है। चट्टी पर खुलेआम शराब का सेवन होता है। मालूम हो कि बीते रविवार की रात दरौली चट्टी पर ही चाय विक्रेता प्रेमचंद गुप्त पर बांका से हमला हुआ था। उस मामले में पुलिस नामजद अभियुक्त कुख्यात जिला पंचायत सदस्य रामप्रवेश बिंद को जेल भेज चुकी है।

गाजीपुर से प्रदीप दुबे की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *