गोशाला मे भूख से मर गई कई गाय, गोरक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन गोशाला में अखिल भारतीय गो रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कान्हा उपवन में कई गाय चारा न मिलने के कारण भूख से मर गई हैं। गाय की हालत देखने के लिए शनिवार दोपहर संगठन के लोग कान्हा उपवन पहुंचे थे। संगठन के अध्यक्ष हेमन्त गंगवार ने बताया कि गोशाला का गेट गार्ड ने नही खोला। जिससे कार्यकर्ता खाफी देर बाहर खड़े रहे। गार्ड ने आदेश दिखाने की बात कही। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। जिसके बाद हंगामा बढ़ गया और कार्यकर्ता हंगामा करते हुए गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। मामले की सूचना पर सीओ द्वितीय सोनाली मिश्र, इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। संगठन के लोगों ने महापौर उमेश गौतम से बात कर पूरी घटना बताई। कार्यकर्ता नगर आयुक्त को बुलाने की मांग पर अड़े गए। हंगामे को देखते हुए मौके पर पुलिसबल तैनात किया गया है। इस दौरान कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। मुख्य मांगों मे गोशाला के सुपरवाइजर विजय और अन्य कर्मचारियों को हटाना, गोशाला प्रबंधन को हिंदू संगठनों के हवाले करना, गोशाला में मछली और कुत्तों का पालन बंद कराना, पूर्व केयरटेकरों की बहाली और बकाया मजदूरी दिलाना शामिल है। इसके अलावा, नगर निगम की सभी गोशालाओं में गोरक्षक संगठनों, हिंदू संगठनों और टोक प्रवेश की अनुमति देने की मांग भी की गई। वही शाम करीब साढ़े सात बजे नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य व सीओ द्वितीय मौके पर पहुंचे। इसके बाद संगठन के चार पांच कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को वार्ता के लिए अंदर बुलाया। मगर मीडिया कर्मियों को गेट पर रोक दिया। आसपास के ग्रामीणों ने गोशाला कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए है। करीब आठ बजे धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *