गिरजाघरों मे मना प्रभु यीशु का केक काटकर जन्मदिन, दी बधाइयां

बरेली। गिरजाघरों मे प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाया गया। क्रिसमस डे की पूर्व मध्य रात्रि मे सभी चर्चों मे लोगों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की और केक काटा। गिरजाघरों को भव्य रूप से सजाया गया था। मध्य रात्रि में गिरजाघरों के दरवाजे खोले गए। पादरी ने प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर विशेष प्रार्थना की। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में लोग चर्च में मौजूद रहे। क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च में लोग 9 बजे से ही पहुंचने लगे थे। रात 11 बजे आराधना सभा पादरी सुनील मसीह की देखरेख में हुई। पादरी ने ईश्वर का धन्यवाद किया कि हम सभी को संभालकर रखा और 2025 का क्रिसमस मनाने का मौका दिया। उन्होंने बड़े दिन का महत्व बताते हुए कहा कि प्रभु यीशु सभी के मसीह है जो उन पर आस्था और विश्वास रखते है। प्रिमरोज एडमंड ने बताया कि जब संसार में पाप बढ़ गया, तब परमपिता ने अपने इकलौते पुत्र को भेजा। जिससे मानव जाति पापों से मुक्त हो सके। संचालन मिलरेड मसीह ने किया। विशेष प्रार्थना पादरी एडमंड ने की। प्रार्थना के बाद केक काटा गया। जिसके बाद कॉफी और केक का वितरण किया गया। वही सेंट अल्फोंसस कैथेड्रल में क्रिसमस की रात्रि जागरण प्रार्थना श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। कार्यक्रम की शुरुआत रात 11 बजे क्रिसमस कैरोल गायन से हुई। पवित्र यूखारिस्तीय बलिदान (पवित्र मिस्सा) का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए बरेली धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष डॉ. इग्नेशियस ने ईश्वर के उस महान प्रेम पर प्रकाश डाला जो प्रभु यीशु मसीह के अवतार के माध्यम से प्रकट हुआ। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने मानवता के प्रति प्रेम के कारण स्वयं मनुष्य का रूप धारण किया। जिससे संसार को आशा, शांति और मुक्ति प्रदान कर सकें। समारोह मे पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या मे लोगों ने भाग लिया। देर रात 1.30 बजे बालक यीशु के गोशाले (क्रिब) में दर्शन एवं वंदना की। वही कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल मे बुधवार को क्रिसमस डे का जश्न मनाया गया। विशेष प्रार्थना सभा के बाद बच्चों ने प्रभु यीशु के शांति, सद्भाव, दया, करुणा के संदेश को कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया। छात्रा ने सेंटा क्लाज की ड्रेस में बच्चों को टॉफियां बांटी। क्रिसमस ट्री सजाया गया। बच्चे उत्साहित नजर आए। प्रधानाचार्या डॉ. सरिता सिरोही, एनसीसी ऑफिसर नंदकिशोर माथुर ने सभी बच्चों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *