हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे पीलीभीत हाईवे के बाइपास पर शुक्रवार शाम पांच बजे गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक एक कार पर पलट गया। इससे कार ट्रक और गन्ने के नीचे दब गई। घंटेभर चले बचाव अभियान के बाद जब ट्रक व गन्ना हटाया गया तो कार सवार हेड कांस्टेबल नौशाद सुरक्षित निकल आए। हादसे मे बर्खास्त सिपाही घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनके हाफिजगंज और बदायूं स्थित घरों में जश्न का माहौल है। बदायूं शहर मे कटरा ब्राह्मपुर निवासी 50 वर्षीय नौशाद अहमद पुलिस विभाग मे हेड कांस्टेबल हैं। उनकी तैनाती बिजनौर के सिवाया कलां थाने मे है। रिठौरा में तैनाती के दौरान नौशाद ने हाफिजगंज मे बाइपास पर मकान बना लिया है और परिवार के कुछ सदस्य यहां रहते है। नौशाद ने बताया कि शाम पांच बजे वह कार से नवाबगंज जा रहे थे। बाइपास पर वह पुलिया के पास पहुंचे तो नवाबगंज की ओर से आ रहा गन्ना भरा ओवरलोड ट्रक उनकी कार पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पूरी तरह से ट्रक के नीचे दब गई। उसके ऊपर गन्ने का अंबार भी था। बाहर से सिर्फ कार के पहिये दिख रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीण खुद भी गन्ना हटाने में जुट गए। हाईवे पर काम कर रही कंपनी की क्रेन व जेसीबी मंगाई गई। दो क्रेन व जेसीबी की मदद से घंटेभर बाद ट्रक को उठाया गया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। क्रेन की मदद से कार को खींचा गया। उसमें फंसे नौशाद को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जाको राखे साइयां मार सके न कोई, इस कहावत को लोगों ने हाफिजगंज मे शुक्रवार को अपनी आंखों के सामने सच होते देखा। कार में दबे दीवान नौशाद हुसैन ने भी घंटे भर में कई बार अल्लाह को याद किया, हालांकि घबराने की बजाय उन्होंने जीवित रहने का हर जतन किया और उसमें कामयाब रहे।।
बरेली से कपिल यादव
