बरेली। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर रामगंगा तट पर आस्था का मेला उमड़ पड़ा। भोर से ही रामगंगा तट पर लोगों की भीड़ जुट गई। शुभ मुहूर्त में स्नान आरंभ हुआ। लोगों ने भक्तिभाव से रामगंगा में पूजन-स्नान किया। तट पर जगह-जगह वेदी सजाकर लोगों ने पूजा-अर्चना की। एहतियातन तट पर पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की टीम तैनात रही। रामगंगा तट पर शनिवार की देर रात से ही भक्तों का जुटना शुरू हो गया था। रविवार को भोर से पहले ही तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ आ गई थी। ब्रह्म मुहूर्त में गंगा दशहरा का पावन स्नान आरंभ हुआ। लोगों ने भक्तिभाव से रामगंगा में स्नान किया। भगवान भाष्कर का आचमन किया और जगत के कल्याण की कामना की। तट पर जगह-जगह वेदी सजाकर आस्थावान लोगों ने पूजन किया और इस मौके पर लोगों ने जरूरतमंदों को दान दिया। तट के किनारे मेला सजाया गया। मेले में महिलाओं और बच्चों की भीड़ अधिक रही। रामगंगा में जब भीड़ स्नान करने जुटी तो किसी अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ गोताखोरों की टीम अलर्ट रही। पुलिस की तरफ से लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए कई बार लाउड स्पीकर पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव