शाही, बरेली। थाना शाही क्षेत्र के कस्बे से कोचिंग पढ़कर पैदल घर लौट रही एक गांव की तीन छात्राओं के आगे बाइक लगाकर शोहदों ने अश्लील फब्तियां कसी। छात्राओं ने विरोध किया तो दबंगों ने उनसे हाथापाई भी की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख शोहदे भाग गये। दो महीने पहले भी इसी जगह छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। मामला शाही कस्बे के पास के एक गांव की तीन छात्राएं शनिवार दोपहर ढाई बजे कोचिंग पढ़कर पैदल घर बापस लौट रहीं थी। तभी कस्बे का एक शोहदा अपने साथी को लेकर कस्बे के एक कालेज के पास पहुंच गया। रास्ते में बाइक लगाकर दोनों छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसने लगे। विरोध पर गालियां देते हुए मुंह बंद रखने की धमकी दी। छात्राओं ने विरोध किया तो हाथापाई पर भी उतर आए। शोर मचाने पर आसपास के कई लोग पहुंचे तो उन्हें आते देख शोहदे धमकाते हुए भाग गये। छात्राओं ने परिजनों को फोन किया तो उन्होंने आरोपियों के खिलाफ थाने मे तहरीर दी है। मामला दो समप्रदायों से जुडा होने के कारण तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया छात्राओं ने साहस का परिचय देते हुए एक शोहदे को पकड़कर पीटा भी लेकिन वह छूटकर भाग गया। इस जगह पर पहले भी कई बार छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी है लेकिन थाना शाही पुलिस निष्क्रिय है। शोहदों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं। देर शाम तक पुलिस ने शोहदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नही की थी।।
बरेली से कपिल यादव