बरेली। किसान एकता संघ ने समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व मे किसान पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि अगर मांगों पर अधिकारी ध्यान नही देते हैं तो संघ आंदोलन करेगा। राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. नागर ने कहा किसानों को पिछले साल के गन्ने का भुगतान नही हो रहा है। धान क्रय केंद्रों पर व्यापारी और बिचौलिये हावी है। किसानों का ही उत्पीडन हो रहा है। प्रदेश में खाद के लिए मारामारी हो रही है। किसानों को रबी फसल बुवाई के लिए खाद नही मिल रही। उन्होंने बरेली-बदायूं सिंचाई परियोजना, 300 बेड सरकारी अस्पताल मे प्रशासन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सरकार की ओर से तमाम योजनाएं हैं। अधिकारियों की लापरवाही से किसानों को उन योजनाओं का लाभ नही मिलता। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शेरअली जाफरी ने कहा कि सरकार किसानों का भला चाहती है किंतु उनके लिए बनाई गई योजनाएं पूरी ईमानदारी के साथ किसानों को मिल नही रही है। यह एक चिंता का विषय है। राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार ने कहा अगर बरेली बदायूं सिंचाई परियोजना समय से शुरू हो जाएं तो किसानों को बड़ा लाभ पहुंचा सकता है। युवा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि युवाओं को जिम्मेदारी समझते हुए किसानों की आवाज बनने का कार्य करना चाहिए। प्रदर्शन मे प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, प्रदेश महासचिव डॉ हरिओम सिंह राठौर, ठाकुर सुधीर कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष बोहरन लाल गुर्जर, मंडल प्रभारी मोहकम सिंह, मंडल महासचिव डॉ अंशु भारती, युवा मंडल मोर्चा के अध्यक्ष जय सिंह यादव, महासचिव खेतल सिंह, जिला महासचिव अवधेश गुर्जर, इस्लाम खान, जिला उपाध्यक्ष सरदार गुरमीत सिंह आदि किसान उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
