किसानों का एलान, केसर चीनी मिल को नही देंगे गन्ना, दूसरी मिल आंवटित हो

बहेड़ी, बरेली। जनपद की बहेड़ी मे सहकारी गन्ना विकास समिति की वार्षिक बैठक मे गुरुवार को किसानों का प्रतिनिधित्व कर रहे बोर्ड ने केसर चीनी मिल को गन्ना सप्लाई न किए जाने का एलान कर दिया। दूसरी चीनी मिलों को गन्ना खरीद केंद्र आवंटित करने को हरी झंडी दी गई। बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने भी चीनी मिल प्रबंधन पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए किसानों से गन्ना न देने की अपील की। चीनी मिल की ओर से पक्ष रखने के लिए मिलकर गन्ना प्रबंधक मंच पर चढ़े। जिनकी किसानों ने कोई बात नही सुनी और उनका बहिष्कार कर दिया। केसर चीनी मिल पर बहेड़ी क्षेत्र के गन्ना किसानों का 166 करोड़ रुपये बकाया है। बैठक मे गन्ना समिति बोर्ड के अध्यक्ष, डायरेक्टर, डेलीगेट सदस्यों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग सचिव से की। इसके बाद चीनी मिल को खरीद केंद्र आवंटन को लेकर चर्चा हुई। जिसमें सभी ने एक स्वर मे कहा कि मीरगंज, पीलीभीत, सितारगंज, फरीदपुर तथा बहादुरपुर की चीनी मिलों को गन्ना खरीद केंद्र आवंटित कर दिए जाएं। केसर चीनी मिल को जो गेट पर गन्ना मिलता है उसके लिए आसपास के क्षेत्र में अलग-अलग चीनी मिलों के 25 खरीद केंद्र लगाए जाएं। जिसमें वह गन्ना सप्लाई हो। डेलीगेट सरदार सतनाम सिंह ने गन्ना समिति के सचिव पर छह साल से यही जमे रहने का आरोप लगाया। सरदार तरसेम सिंह ने गन्ना विभाग के अधिकारियों पर किसानों का शोषण कराने का आरोप लगाया। पूर्व अध्यक्ष केंद्र पाल सिंह ने कोरोजन दवाई के वितरण में किसानों का शोषण किए जाने का आरोप लगाया। डायरेक्टर चौधरी ओमवीर सिंह ने कहा कि केसर चीनी मिल करीब 10 वर्षों से किसानों को भुगतान दे पाने में सक्षम नही है। लिहाजा इस चीनी मिल के सभी खरीद केंद्र दूसरी चीनी मिल को आवंटित किए जाएं। पूर्व डायरेक्टर चौधरी विनोद सिंह ने केंद्रीय मंत्री व सांसद जितिन प्रसाद को इस बैठक का निमंत्रण न दिए जाने पर हंगामा किया। बरेली सांसद को बुलाने और उनके सांसद को न बुलाए जाने पर आपत्ति जताई। बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह ने कहा कि केसर चीनी मिल प्रबंधन हमेशा किसानों को गुमराह करता रहा है। इस चीनी मिल को अब किसान गन्ना न दें। उन्होंने कहा कि बोर्ड अपनी एक रिपोर्ट तैयार करें। गन्ना आयुक्त व शासन में उसको भेजा जाए। वह भी अपने स्तर से इसको लेकर पैरवी भी करेंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *