*उन्नत और आधुनिक खेती पर जोर
बिहार /मझौलिया- मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के परसा पंचायत के वार्ड 3 नरायणा पुर में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसान चौपाल में किसानों को उन्नत और आधुनिक तरीके से खेती करने के बारे में जानकारी दी गई । आत्मा विभाग द्वारा दी जाने वाली किसान पुरस्कार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई वहीं कृषि सब्सिडी मिट्टी जांच को किसानों के लिए लाभकारी बताया गया साथ ही खेतों में पराली नहीं जलाने का सलाह दिया गया।किसान चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया सुनील कुमार तिवारी ने की। चौपाल में पंचायत के किसानों ने भाग लिया। किसानों को जानकारी देते हुए कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार ने बताया रवि सीजन के लिए सभी तरह के बीज प्रखण्ड कृषि विभाग द्वारा शत प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। किसानों के खाते में अनुदान की राशि सीधे भेजी जाएगी। हम सभी को जैविक खेती की ओर भी कदम बढ़ाना है। पर्यावरण के प्रदूषण में रासायनिक खेती का बहुत बड़ा हाथ है। जैविक खेती के साथ साथ हम खेती में नयी तकनीक जैसे जीरो टिलेज, ड्रिप सिचाईं तकनीक, श्री विधि आदि का उपयोग कर ज्यादा पैदावार हासिल कर सकते हैं। सरकार के द्वारा चलायी जा रही कई योजनाएं जैसे तनावरोधी बीजग्राम, अनुदानित दर पर बीज की उपलब्धता, मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना, मछली पालन, डेयरी, बागवानी आदि का लाभ किसान लेकर अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकते हैं।
सहायक तकनीकी प्रबंधक सत्यम कुमार ने भी विस्तार से बताया व किसानों को विभाग के साथ सहभागी बन कर नयी कृषि योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
– मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट