भुता, बरेली। थाना भुता क्षेत्र में पैसे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई को चाकू मारने और फिर पड़ोसी गांव की किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपित को भुता पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। उसके खिलाफ कई थानों में लूट हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक थाना भुता क्षेत्र के गांव बंजरिया निवासी प्रमोद कुमार ने घरेलू रुपए के विवाद में अपने बड़े भाई नरेश कुमार के पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके बाद पड़ोस के ही गांव की एक अनुसूचित जाति की किशोरी का अपहरण कर गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी बुधवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना के आधार पर आरोपी बदमाश की घेराबंदी शुरू की। इस दौरान आरोपी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया तो जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली आरोपी बदमाश के पैर में लग गई। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा। घायल बदमाश प्रमोद कुमार के खिलाफ भुता, क्योंलड़िया, हाफिजगंज में लूट, हत्या, दुष्कर्म सहित कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाश प्रमोद कुमार पिछले रविवार को ही जेल से छूट कर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद फिर से अपराध शुरू कर दिए।।
बरेली से कपिल यादव