फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे प्लॉट का बैनामा कराने फरीदपुर रजिस्ट्री ऑफिस जा रहे मां-बेटों को मारपीट कर उनसे ढाई लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया है। लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे और बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। कुछ देर बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया मारपीट में घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। पुलिस ने लूट की घटना से इंकार किया है और इसे आपसी लड़ाई बताया है। भुता निवासी आकाश ने कस्बे के ही प्रेमपाल से प्लॉट का सौदा किया था। गुरुवार को आकाश अपनी मां सावित्री देवी और भाई कुलदीप के साथ प्लॉट की रजिस्ट्री कराने फरीदपुर जा रहे थे। कार कुलदीप चला रहा था। जब उनकी कार भुता-फरीदपुर रोड पर स्थित गांव भसोकर के तिराहे पर पहुंची तो भूसा से भरी बैलगाड़ी पर सवार लोगों से साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि उन लोगों ने गांव से अपने साथियों को बुलाकर तीनों को कार से बाहर खींच लिया। कार पर डंडे मारते हुए मां-बेटों को बेरहमी से पीटकर आकाश का पैर तोड़ दिया। घायल अवस्था मे तीनों लोग थाने पहुंचे और मारपीट व लूट का आरोप लगाकर तहरीर दी। इस पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कुलदीप ने घटना के कई वीडियो बनाए। जिनमें दबंग लाठी-डंडे लेकर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है। उनका आरोप है कि दबंग कार में रखी ढाई लाख की नकदी से भरा थैला भी लूट ले गए। सावित्री देवी का कहना है कि उन्होंने रुपयों का थैला देने का विरोध किया तो उनके हाथ में डंडा मारकर थैला छीन लिया। वही पीड़ित पक्ष का कहना है कि घायल अवस्था मे वे लोग थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर वहां मौजूद नही थे। जानकारी मिली कि वह कोर्ट गए है। इसी बीच थाने मे मौजूद पुलिसकर्मी दूसरे पक्ष के लोगों को घायल बताकर रिपोर्ट दर्ज करने के नाम पर उन्हें धमकाने लगे। तब तक किसी ने इंस्पेक्टर को सूचना दे दी। इस पर उन्होंने थाने मे फोन करके नाराजगी जताई और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और घेराबंदी करके तीन आरोपियों को हिरासत मे लिया।।
बरेली से कपिल यादव
