बरेली। जनपद मे पिछले साल की तरह इस बार भी कांवड़ सेल का गठन किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान जिलेभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बता दें कि 11 जुलाई से सावन माह की शुरुआत हो रही है। इसी के साथ कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाएगी। शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या कांवड़ियों के जत्थे निकलते हैं। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले के सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा की तैयारियों के लिए निर्देशित किया है। किस थाने से कितने जत्थे निकलते हैं, कांवड़िये किस वाहन का इस्तेलाम करते हैं। इन सभी का डाटा जुटाया जा रहा है। इस बार भी कांवड़ सेल का गठन किया जाएगा। डाटा बेस तैयार किया जाएगा, जिससे किसी को कोई असुविधा न हो। ट्रैफिक व्यवस्था भी ऐसी रहेगी, जिससे कांवड़ यात्रियों व स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। शिव मंदिरों पर सुरक्षा को लेकर कमेटियों के साथ बैठक की जाएगी। इसकी तैयारी शुरू करा दी गई है। पिछले साल से बेहतर व्यवस्था रहेगी। जल्द ही प्रशासन विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करेगा, जिसमें शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा को निर्बाध और सुरक्षित बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक रूट भी तैयार हो रहे है।।
बरेली से कपिल यादव