मीरगंज, बरेली। शनिवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ मीरगंज के गांव नगरिया कल्यानपुर से किया। कांग्रेसियों ने गांवों में 16 किमी पैदल यात्रा की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो यात्रा का संदेश घर घर पहुंचाने का संकल्प लिया। तिरंगा हाथों में लिए कांग्रेसियों ने सिंधौली, सिल्लापुर, मंडनपुर, नगरिया सादात व कस्बा मीरगंज में पदयात्रा की। सिंधौली में हुई सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा पहलू हाथ से हाथ जोड़ो अभियान है। इस अभियान से देश व प्रदेश में परिवर्तन होना तय है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान में भारत सरकार की नाकामी को जन जन तक पहुंचायेंगे। आज हर वर्ग लगातार बढ़ रही महंगाई, युवा वर्ग बेरोजगारी, व्यापारी वर्ग तरह-तरह के टैक्स आदि से परेशान है देश और प्रदेश की जनता अब यह समझ चुकी है कि उनको सिर्फ सपने दिखाए गए और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया गया। जिला उपाध्यक्ष एवं मीरगंज चेयरमैन इल्यास अंसारी ने कहा देश के वर्तमान हालात बहुत ही खराब हैं। पदयात्रा में जिला महासचिव सूर्य गांधी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा, पूर्व विधायक मास्टर छोटे लाल गंगवार, जिला प्रवक्ता मुराद बेग, डॉ मुदित प्रताप सिंह, रामपाल माली, संजीव शर्मा, नदीम अख्तर, छेदालाल गुर्जर, अकरम सैफी, जहीर अंसारी, गफ्फार खान, बब्बन खान, मुकीम, ज़ाहिद, जाकिर अल्वी, छोटे खान सहित बड़ी संख्या मे कांग्रेस जन उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव