कन्हैया गुलाटी की गिरफ्तारी को टीम गठित, एसआईटी करेगी जांच, लुकआउट नोटिस जारी

बरेली। निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई कन्हैया गुलाटी की कैनविज कंपनी पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित की है और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व मे गठित एसआईटी से कराई जाएगी। शुक्रवार को उसका लुटआउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है। बता दें कि मॉडल टाउन निवासी कन्हैया गुलाटी अपने परिवार के सदस्यों एवं तमाम एजेंटों की मदद से डीडीपुरम में ऑफिस खोलकर कैनविज चिटफंड कंपनी संचालित कर रहा था। इसके साथ ही उसने कैनविज इंडस्ट्रीज, कैनविज रिजॉर्ट मोटेल, कैनविज इंफ्रा इंडिया, कैनविज डेवलपर्स एंड इंफ्रास्टक्चर्स समेत अन्य नामों से भी कई कंपनियां खोल रखी थी। एजेंट के जरिये लोगों को जमीन और मोटे ब्याज का सपना दिखाकर निवेश कराया जाता था और फिर पिछले दिनों यह कंपनी निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई। इससे रकम लगाने वाले लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है और जगह-जगह शिकायतें की जा रही हैं। इस पर एसएसपी अनुराग आर्य ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की है। साथ ही उन्होंने इस मामले की जांच एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व मे गठित एसआईटी से कराने की बात कही है। इसके गठन की तैयारी चल रही है। साथ ही शुक्रवार को उसका लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है। कन्हैया गुलाटी एवं उसके अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ मे 26 मुकदमे दर्ज है। इनमें से बरेली के प्रेमनगर, सुभाषनगर, बारादरी, फरीदपुर, नवाबगंज और फतेहगंज पश्चिमी मे 18 मुकदमे हैं। अयोध्या व कासगंज मे एक-एक और शाहजहांपुर में दो मुकदमे है। झारखंड मे रांची के थाना अरगोरा और बिहार में बेरोह के थाना नगर में एक-एक मुकदमा दर्ज है। इनमें आठ मुकदमे हाल ही में थाना बारादरी मे दर्ज कराए गए है। कन्हैया गुलाटी पर बरेली मे 18 मुकदमे दर्ज है। इनमें से नौ मुकदमों मे समझौता और साठगांठ से एफआर लग चुकी है। नवाबगंज के एक मुकदमे एफआर लगने के बाद पुन: विवेचना के निर्देश दिए गए है। एक मुकदमे मे उसे कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया और फतेहगंज पश्चिमी के सिर्फ एक मामले मे उसके खिलाफ चार्जशीट लगाई गई है। रुहेलखंड के एक बड़े नेता के संपर्क में बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी की तलवार लटकते ही कन्हैया गुलाटी रुहेलखंड के भाजपा से जुड़े एक बड़े नेता के संपर्क मे है। चर्चा है कि शुक्रवार को उसने नेता से मुलाकात की है और मदद की गुहार लगाई है। हालांकि पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी की कोशिश मे जुटी हुई है। शुक्रवार को उसका लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद विदेश भागने का रास्ता भी बंद हो गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *